CNG कैब में सिगरेट पीने से रोका तो भड़का पैसेंजर, किराया देने से किया मना; ड्राइवर ने वीडियो बनाकर दी पुलिस की चेतावनी

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर आए दिन कैब ड्राइवरों और यात्रियों के बीच विवाद के वीडियो सामने आते रहते हैं, लेकिन हाल ही में वायरल हुआ एक वीडियो सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर नई बहस छेड़ रहा है। मामला एक ओला (Ola) कैब का है, जहां सुरक्षा कारणों से सिगरेट पीने से मना करने पर एक यात्री और ड्राइवर के बीच तीखी झड़प हो गई।

क्या है पूरा मामला?

वायरल वीडियो के अनुसार, एक पैसेंजर ओला कैब के अंदर सिगरेट जलाने की कोशिश कर रहा था। जैसे ही ड्राइवर की नजर उस पर पड़ी, उसने तुरंत टोका और सिगरेट बुझाने को कहा। ड्राइवर का तर्क था कि गाड़ी CNG है और कार के बंद शीशों के बीच सिगरेट पीना न केवल नियमों के खिलाफ है, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है।

किराया देने से किया इंकार

जब ड्राइवर ने सख्त लहजे में कहा कि वह यात्री को आगे नहीं ले जाएगा और उसे अब तक का किराया देकर उतरना होगा, तो यात्री बदतमीजी पर उतर आया। पैसेंजर ने साफ कह दिया, “मैं उतर जाऊंगा लेकिन पैसे नहीं दूंगा।” इस पर ड्राइवर ने संयम दिखाते हुए कहा कि किराया तो देना ही पड़ेगा और वह मामले को सुलझाने के लिए सीधे पुलिस स्टेशन जाएगा।

ड्राइवर की समझदारी ने जीता दिल

ड्राइवर ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया, जिससे पैसेंजर और भी असहज हो गया। वीडियो में ड्राइवर को यह कहते सुना जा सकता है कि “पूरी रिकॉर्डिंग हो रही है, अब पुलिस स्टेशन चलकर ही फैसला होगा।”

सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया

इंस्टाग्राम यूजर ऋतिक झा द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो के दूसरे हिस्से में देखा जा सकता है कि काफी बहस और आस-पास के लोगों के इकट्ठा होने के बाद, यात्री को अपनी गलती का एहसास हुआ (या पुलिस के डर से) उसने किराया चुका दिया।

सोशल मीडिया यूजर्स ड्राइवर के धैर्य और सुरक्षा के प्रति उसकी सजगता की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सह-यात्रियों और ड्राइवर की सुरक्षा सर्वोपरि है और ऐसे ‘रसूखदार’ यात्रियों पर लगाम लगनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *