नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के धौला कुआं इलाके से बदतमीजी और ‘रोड रेज’ का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। मशहूर ट्रैवल व्लॉगर आनन एम (Anan M) ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें एक कार सवार शख्स सड़क पर कचरा फेंकने से रोकने पर उन पर हमला करने के लिए दौड़ पड़ता है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 13 मार्च 2026 की है। आईआईटी ड्रॉपआउट और डिजिटल क्रिएटर आनन एम ने बताया कि वह विदेश यात्रा से भारत लौटे ही थे। दिल्ली के धौला कुआं मेट्रो स्टेशन के पास उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति अपनी कार से लगातार सड़क पर कचरा फेंक रहा है।
जब आनन ने उसे टोकते हुए ऐसा न करने की सलाह दी, तो कार सवार ने उसे अनसुना कर दिया। इसके बाद जब आनन ने अपना कैमरा चालू कर उसे रिकॉर्ड करना शुरू किया, तो कार सवार का ‘ईगो’ हर्ट हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह शख्स अपनी कार से उतरकर गुस्से में व्लॉगर को मारने के लिए उसके पीछे भागने लगा।
मेट्रो पुलिस के पास पहुंचे व्लॉगर
अपनी जान बचाने और स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए आनन को धौला कुआं मेट्रो स्टेशन के अंदर भागना पड़ा। वहां उन्होंने मेट्रो पुलिस से मदद मांगी। आनन ने अपनी पोस्ट में दुख जताते हुए लिखा:
“मैं अपना ज्यादातर समय दुनिया के अलग-अलग देशों को देखने में बिताता हूँ और चाहता हूँ कि वैसी ही साफ-सफाई हमारे देश में भी हो। लेकिन जब भी मैं किसी को उसकी गलती बताने की कोशिश करता हूँ, तो लोग शिक्षित होने के बजाय भड़क जाते हैं।”
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
इंस्टाग्राम पर (@onroadindian) द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो को अब तक 48 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। लोग कमेंट सेक्शन में कार सवार की जमकर क्लास लगा रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि “दिल्ली में ईगो अब नागरिक जिम्मेदारी से ऊपर हो गया है।”











Leave a Reply