नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स और व्यूज बटोरने की होड़ युवाओं के लिए जानलेवा साबित हो रही है। हाल ही में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक चलती ट्रेन के दरवाजे पर लटककर रील बनाने के चक्कर में एक भयानक हादसे का शिकार हो गया।
क्या है पूरा मामला? वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक ट्रेन के खुले दरवाजे पर खड़ा होकर ‘हीरोपंती’ दिखाने की कोशिश कर रहा था। स्टाइल मारने के लिए उसने अपने शरीर का आधा हिस्सा ट्रेन से बाहर निकाल रखा था, जबकि उसका एक दोस्त ट्रेन के अंदर से मोबाइल पर उसका वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था।
वीडियो के दौरान युवक का पूरा ध्यान कैमरे की तरफ था और वह ट्रैक के किनारे लगे लोहे के खंभों को पूरी तरह नजरअंदाज कर गया। जैसे ही उसने कैमरे के लिए पोज देने के खातिर खुद को थोड़ा और बाहर की तरफ झुकाया, उसका सिर पटरी के पास लगे एक भारी-भरकम लोहे के खंभे से जोरदार तरीके से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक झटके के साथ चलती ट्रेन से सीधे नीचे जा गिरा।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल यह वीडियो इंस्टाग्राम यूजर कृष्णचंद निषाद के अकाउंट से शेयर किया गया था। हालांकि, घटना की गंभीरता को देखते हुए बाद में इस रील को हटा दिया गया, लेकिन तब तक यह क्लिप अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो गई। वीडियो को देखकर यूजर्स अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और इसे बेहद लापरवाही भरा कदम बता रहे हैं।
युवक की स्थिति अज्ञात खंभे से सिर टकराते ही वीडियो अचानक बंद हो जाता है। ट्रेन से गिरने के बाद युवक की क्या स्थिति है, उसे कितनी गंभीर चोटें आई हैं या उसकी जान बच पाई है या नहीं, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, टक्कर की रफ्तार और ऊंचाई को देखते हुए नतीजे बेहद गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।
रेलवे की चेतावनी भारतीय रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां बार-बार यात्रियों को चेतावनी देती हैं कि चलती ट्रेन के दरवाजे पर खड़ा होना, बाहर लटकना या वीडियो बनाना कानूनन अपराध होने के साथ-साथ जानलेवा भी है। ट्रैक के किनारे सिग्नल, बिजली के खंभे और अन्य तकनीकी उपकरण ट्रेन के बहुत करीब होते हैं, जहां एक छोटी सी चूक भी सीधे मौत के मुंह में धकेल सकती है।
यह घटना उन सभी के लिए एक बड़ी सीख है जो सोशल मीडिया पर ‘फेमस’ होने के लिए अपनी जिंदगी को दांव पर लगा देते हैं। याद रखें, रील तो दोबारा बन सकती है, लेकिन जिंदगी में ‘रीटेक’ का मौका नहीं मिलता।









Leave a Reply