तमिलनाडु: ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय की सूझबूझ ने बचाई महिला की जान, देर रात ‘चूहे मारने की दवा’ के ऑर्डर ने जगाया था शक

चेन्नई: तमिलनाडु में मानवता और सूझबूझ की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म ‘ब्लिंकिट’ (Blinkit) के एक डिलीवरी पार्टनर ने अपनी सतर्कता से एक महिला को आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया। लोग अब इस डिलीवरी बॉय को ‘सुपरहीरो’ बता रहे हैं।

क्या है पूरा मामला? जानकारी के मुताबिक, यह घटना देर रात की है जब ब्लिंकिट के एक डिलीवरी राइडर को चूहे मारने के जहर (Rat Poison) के तीन पैकेट डिलीवर करने का ऑर्डर मिला। ऑर्डर की लोकेशन पर पहुँचते ही राइडर को कुछ अजीब लगा। उसने देखा कि जिस महिला ने ऑर्डर किया था, वह बुरी तरह रो रही थी।

देर रात का ऑर्डर और राइडर का शक राइडर को यह बात खटकी कि इतनी रात को चूहे मारने की दवा के तीन पैकेट मंगवाने की क्या जरूरत हो सकती है। उसने अपनी ड्यूटी निभाने के साथ-साथ एक इंसान के तौर पर जिम्मेदारी समझी और महिला से बातचीत शुरू की।

सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, राइडर ने सीधे महिला से पूछा, “चाहे जो भी समस्या हो, कृपया आत्महत्या न करें। क्या आपने यह जहर खुद के लिए मंगवाया है?”

महिला की काउंसलिंग और जान की सुरक्षा शुरुआत में महिला ने मना किया, लेकिन डिलीवरी राइडर ने अपनी बात जारी रखी। उसने तर्क दिया, “अगर आपको वास्तव में चूहों की समस्या होती, तो आप इसे शाम को या अगले दिन भी मंगवा सकती थीं। इतनी रात को दवा मंगवाना सामान्य नहीं है।” राइडर की समझदारी और सहानुभूति भरी बातों का महिला पर गहरा असर पड़ा। काफी देर की बातचीत के बाद महिला ने अपनी गलती मानी और ऑर्डर कैंसिल करने के लिए तैयार हो गई। राइडर तब तक वहां से नहीं गया जब तक उसे यकीन नहीं हो गया कि महिला सुरक्षित है।

सोशल मीडिया पर ‘सुपरहीरो’ बना डिलीवरी बॉय इस घटना के इंटरनेट पर वायरल होने के बाद लोग डिलीवरी राइडर के जज्बे को सलाम कर रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि आज के समय में जब लोग दूसरों की समस्याओं से मुंह मोड़ लेते हैं, ऐसे में इस युवक ने अपनी सजगता से एक अनमोल जीवन बचा लिया। कई लोगों ने ब्लिंकिट कंपनी से मांग की है कि ऐसे कर्मचारी को विशेष रूप से सम्मानित किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *