नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस इंडिया सेलिना जेटली को पिछले 15 महीनों से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हिरासत में लिए गए अपने भाई, रिटायर्ड मेजर विक्रांत कुमार जेटली के मामले में बड़ी राहत मिली है। दिल्ली हाई कोर्ट ने हाल ही में सुनवाई के दौरान विदेश मंत्रालय (MEA) को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया, जिसे अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर ‘आशा की किरण’ बताते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया है।

मेजर विक्रांत कुमार जेटली को 6 सितंबर 2024 से अबू धाबी की जेल में हिरासत में रखा गया है और सेलिना का उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया था।
दिल्ली हाई कोर्ट से मिली राहत

सेलिना जेटली ने अपने भाई की सुरक्षा और उन तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। इस याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने विदेश मंत्रालय को सख्त निर्देश दिए।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर जानकारी दी कि मंत्रालय ने कोर्ट में अपनी स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर दी है और उनके भाई तक पहुंच बनाने में मदद करने के लिए एक नोडल ऑफिसर भी नियुक्त किया गया है। कोर्ट में एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) ने यह भरोसा भी दिलाया कि जल्द ही सेलिना की उनके भाई से बात कराने की पूरी कोशिश की जाएगी।

सेलिना जेटली ने कोर्ट, एएसजी और अपने वकील राघव कक्कड़ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके परिवार की भारतीय सेना में चार पीढ़ियों की सेवा को सम्मान दिया गया है।
याचिका के अनुसार, मेजर विक्रांत को पिछले साल कथित तौर पर अवैध तरीके से हिरासत में रखा गया था, जब वह ट्रेडिंग और कंसल्टिंग से जुड़ी एक कंपनी मैटिटी ग्रुप में काम कर रहे थे।
इस मामले की अगली सुनवाई 23 दिसंबर को होनी है, जिस पर पूरे परिवार की निगाहें टिकी हुई हैं। अभिनेत्री ने अपील की है कि मीडिया से जुड़े सवालों के लिए उनके वकील से संपर्क किया जाए।










Leave a Reply