मुंबई: दिग्गज अभिनेता सुधीर दलवी (86) इस समय गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। सेप्सिस (गंभीर संक्रमण) के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिवार की आर्थिक तंगी को देखते हुए, बॉम्बे हाई कोर्ट ने उनके इलाज के लिए शिर्डी के श्री साईं बाबा संस्थान ट्रस्ट को ₹11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की अनुमति दे दी है।
अस्पताल में गंभीर संक्रमण से जूझ रहे हैं दलवी

अभिनेता सुधीर दलवी 8 अक्टूबर से लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। वह सेप्सिस जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, जिसके चलते उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें निरंतर उपचार की आवश्यकता है। उनके परिवार के लिए यह इलाज कराना एक बड़ी चुनौती बन गया था, जिसके बाद फिल्म इंडस्ट्री से भी मदद की गुहार लगाई गई थी। इस दौरान रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी सहित कई लोग सहायता के लिए आगे आए थे।
हाई कोर्ट ने ट्रस्ट की अपील पर दी मंजूरी
अभिनेता की स्थिति को देखते हुए, शिर्डी के श्री साईं बाबा संस्थान ट्रस्ट ने मानवीय आधार पर उनकी सहायता करने की पेशकश की। चूंकि यह एक सरकारी अधिनियम के तहत संचालित ट्रस्ट है, इसलिए राशि जारी करने के लिए अदालत की मंजूरी आवश्यक थी। जस्टिस विभा कंकनवाड़ी और जस्टिस हितेन एस. वेनेगावकर की खंडपीठ ने इस याचिका पर सुनवाई की।
अदालत ने कहा, “सुधीर दलवी ने एक विशेष भूमिका (साईं बाबा) निभाई है, जिससे लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे में उनकी सहायता करना उचित है।” कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि शिर्डी ट्रस्ट के अधिनियम में सामाजिक और मानवीय सहायता देने का प्रावधान मौजूद है, जिसके आधार पर ₹11 लाख रुपये की राशि जारी करने की अनुमति दी गई।
साईं बाबा की भूमिका से मिली थी पहचान
सुधीर दलवी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान 1977 में आई फिल्म ‘शिरडी के साईं बाबा’ में साईं बाबा का किरदार निभाने से मिली थी। उनके सशक्त अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा। फिल्मों के अलावा, उन्होंने रामानंद सागर की ‘रामायण’, ‘भारत एक खोज’, ‘चाणक्य’ और ‘मिर्ज़ा ग़ालिब’ जैसे कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाई हैं।










Leave a Reply