धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार क्यों रखा गया प्राइवेट? हेमा मालिनी ने किया असली वजह का खुलासा

बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार को निजी तौर पर (Private Funeral) किए जाने पर कई सवाल उठे थे। फैंस इस बात से आहत थे कि वे अपने पसंदीदा अभिनेता को अंतिम विदाई नहीं दे पाए। अब उनकी पत्नी, दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी (Hema Malini) ने चुप्पी तोड़ते हुए इस फैसले के पीछे की असली वजह बताई है।

यह खुलासा यूएई के फिल्ममेकर हमाद अल रेयामी (Hamad Al Reyami) ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए किया। धर्मेंद्र (Dharmendra) की मृत्यु के बाद हेमा मालिनी से मुलाकात करने वाले हमाद ने अपने नोट में उनकी भावुक बातचीत का ज़िक्र किया।

प्राइवेट सेरेमनी का कारण

फिल्ममेकर के अनुसार, हेमा मालिनी ने बताया कि परिवार ने यह फैसला धर्मेंद्र की इच्छा का सम्मान करते हुए लिया। उन्होंने कहा, “धर्मेंद्र, अपनी पूरी ज़िंदगी में, कभी नहीं चाहते थे कि कोई उन्हें कमज़ोर या बीमार देखे।” अभिनेता के इस स्वभाव और सम्मान को बनाए रखने के लिए ही परिवार ने अंतिम संस्कार की सेरेमनी को बेहद निजी रखा।

‘आखिरी दिन दर्दनाक थे’

हेमा मालिनी ने इस दौरान अपने पति के अंतिम दिनों की पीड़ा भी साझा की। उन्होंने भारी मन से बताया कि धर्मेंद्र के आखिरी दिन “काफी दर्दनाक” थे। उन्होंने फैंस को आखिरी बार देखने का मौका न मिलने पर गहरा दुख भी व्यक्त किया।

बातचीत के दौरान, हेमा मालिनी ने इस बात पर भी अफसोस जताया कि धर्मेंद्र अपनी निजी कविताएं और लेखन प्रकाशित नहीं कर पाए। उन्होंने बताया कि जब भी वह उनसे पब्लिश करने को कहती थीं, तो धर्मेंद्र जवाब देते थे कि ‘अभी नहीं, पहले कुछ कविताएं खत्म कर लूं।’

हेमा मालिनी के इस खुलासे ने उन सभी अटकलों को समाप्त कर दिया है, जो दिग्गज अभिनेता के अचानक और निजी तौर पर किए गए अंतिम संस्कार को लेकर लगाई जा रही थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *