रणवीर सिंह ने ‘कांतारा’ के दैव को कहा ‘फीमेल भूत’, धार्मिक भावनाओं को आहत करने पर हुए बुरी तरह ट्रोल

मुंबई/राष्ट्रीय। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह एक बार फिर अपने बयानों को लेकर विवादों में घिर गए हैं। इस बार उन पर धार्मिक आस्था और भावनाओं को आहत करने का गंभीर आरोप लगा है। गोवा में आयोजित IFFI 2025 (इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया) के समापन समारोह में उन्होंने फिल्म ‘कांतारा’ के क्लाइमेक्स सीन पर टिप्पणी करते हुए दैव (Daiva) के चित्रण को ‘फीमेल भूत’ कहकर उसका मज़ाक उड़ाया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर हंगामा खड़ा हो गया।

रणवीर सिंह समारोह को होस्ट कर रहे थे और उन्होंने ‘कांतारा’ के लेखक, निर्देशक और अभिनेता ऋषभ शेट्टी की तारीफ़ करते हुए फिल्म के क्लाइमेक्स सीन का ज़िक्र किया। वायरल हो रहे वीडियो क्लिप में, रणवीर सिंह यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं:

“मैंने थिएटर में कांतारा चैप्टर 1 देखी। मैं क्या ही कहूं, ऋषभ शेट्टी की बेहतरीन परफॉर्मेंस थी। खासकर जब आपके अंदर फीमेल भूत प्रवेश करती है तो आपने कमाल का शॉट दिया।”

इतना कहने के बाद रणवीर ने अपनी आंखें बड़ी करके और जीभ बाहर निकालकर उस दृश्य की नक़ल भी उतारी।

फैंस ने लगाया ‘मां चामुंडा’ के अपमान का आरोप

रणवीर सिंह के इस कमेंट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने कड़ी आपत्ति जताई है। लोगों का कहना है कि रणवीर सिंह जिसे ‘फीमेल भूत’ बताकर नक़ल कर रहे हैं, वह कोई भूत नहीं बल्कि दक्षिण भारत की लोक आस्था और संस्कृति में पूजनीय दैवीय शक्ति का प्रतिनिधित्व है। कई यूजर्स ने इसे मां चामुंडा देवी के किरदार का अपमान बताया है, जिसकी पूजा कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में होती है।

यूजर ने रणवीर सिंह की टिप्पणी को ‘अज्ञानता’ और ‘बेतुका’ करार देते हुए उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। एक यूज़र ने अपनी नाराज़गी व्यक्त करते हुए लिखा, “वह कोई भूत नहीं थीं। वह तो खुद देवी थीं। ये कितना अंजान हैं।” वहीं दूसरे ने लिखा कि रणवीर को सार्वजनिक मंच पर सही शब्दों का चुनाव करना चाहिए था, यह सीधे तौर पर आस्था का अपमान है।

बता दें, ऋषभ शेट्टी की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कांतारा’ (2022) में लोक देवता ‘दैव’ के साथ मानव और प्रकृति के संघर्ष को दिखाया गया था, जिसने बॉक्स ऑफिस पर अभूतपूर्व सफलता हासिल की थी। अब फैंस को इसके प्रीक्वल ‘कांतारा चैप्टर 1’ का इंतज़ार है, जिसकी चर्चा रणवीर सिंह IFFI में कर रहे थे। हालांकि, उनके कमेंट ने अब एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *