चर्चित यूट्यूबर शादाब जकाती ‘अश्लील कंटेंट’ मामले में गिरफ्तार, मिली जमानत

“₹10 का बिस्कुट” वाले वीडियो से सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बनाने वाले यूट्यूबर शादाब जकाती को मेरठ पुलिस ने एक नाबालिग बच्ची से जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट के मामले में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) में शिकायत और एक सामाजिक कार्यकर्ता की पुलिस रिपोर्ट के बाद की गई।

क्या है पूरा मामला?

पूरा विवाद शादाब जकाती के एक वायरल वीडियो को लेकर शुरू हुआ। वीडियो में कथित तौर पर उन पर यह आरोप लगा कि उन्होंने एक बच्ची से अश्लील और अनुचित अभिनय कराया, जबकि शादाब खुद उसमें एक दुकानदार के रूप में नजर आए थे। वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल एक्टिविस्ट राहुल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामला राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग तक भी पहुंचा, जिसने पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस ने की गिरफ्तारी

आयोग के निर्देश के बाद, मेरठ के इंचोली थाना पुलिस ने यूट्यूबर शादाब जकाती के खिलाफ BNSS 170 (पूर्व धारा 151) के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

कोर्ट से मिली जमानत, यूट्यूबर ने दी सफाई

गिरफ्तारी के बाद शादाब जकाती को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें तत्काल जमानत मिल गई। जमानत पर बाहर आने के बाद यूट्यूबर शादाब जकाती ने मीडिया से बातचीत की और अपनी सफाई पेश की।

उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी भी तरह से गलत नहीं था और उन्होंने वीडियो में केवल बच्ची की क्यूटनेस (प्यारापन) की तारीफ की थी। उन्होंने कहा, “मैंने बस इतना ही बोला था कि बच्ची बहुत प्यारी और खूबसूरत है और उसकी मां भी उतनी ही खूबसूरत होंगी।” उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने वीडियो को सोच-समझकर पोस्ट किया था, लेकिन विवाद बढ़ने के बाद उसे डिलीट कर दिया था। शादाब ने आगे कहा कि अगर उनकी वीडियो से किसी का दिल दुखा है या कोई परेशानी हुई है, तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं।

फिलहाल, पुलिस इस मामले में आगे की जांच जारी रखे हुए है। यह घटना सोशल मीडिया पर बच्चों की सुरक्षा और कंटेंट क्रिएशन की सीमाओं को लेकर एक नई बहस छेड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *