राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सोमवार देर शाम एक बड़े धमाके से दहल उठी। लाल किले के पास हुई इस भीषण घटना में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
यह शक्तिशाली विस्फोट शाम करीब 6 बजकर 55 मिनट पर लाल किले के मेट्रो स्टेशन संख्या दो के पास एक कार में हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि एक पल में कार आग के गोले में बदल गई। इसकी चपेट में आसपास खड़ी 7 से 8 अन्य गाड़ियां भी आ गईं। धमाके के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।
मौके पर NSG और पुलिस टीम
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले 8 लोगों के शवों को इलाज के लिए LNJP (लोक नायक जयप्रकाश नारायण) अस्पताल ले जाया गया है। घायलों को भी गंभीर हालत में इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना के तुरंत बाद, दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और पूरी दिल्ली में हाई-अलर्ट जारी कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, धमाके की जांच के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की एक विशेष टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।

जांच जारी: CNG या विस्फोटक?
दिल्ली पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह विस्फोट कार में लगे सीएनजी सिलेंडर फटने की वजह से हुआ है या इसमें किसी विस्फोटक पदार्थ का इस्तेमाल किया गया है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि अभी कारणों की पुष्टि नहीं की जा सकती है, और सभी जानकारियां जुटाई जा रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को हर एंगल से देख रही हैं।










Leave a Reply