गोविंदा पूजा पर लुटाते हैं 2 लाख, मैंने कहा- कुछ काम नहीं आएगा’: पत्नी सुनीता आहूजा ने खोली पोल,

नई दिल्ली: बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर 1’ गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने हाल ही में अपने पति को लेकर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि गोविंदा किस तरह ज्योतिषियों और पंडितों के प्रभाव में हैं और धार्मिक अनुष्ठानों पर लाखों रुपये खर्च कर रहे हैं, जिसका उन्हें कोई फायदा नहीं मिल रहा है।

सुनीता आहूजा, जो हाल ही में पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में शामिल हुई थीं, ने गोविंदा की पूजा-पाठ पर अंधविश्वास की आदत पर खुलकर बात की।

पूजा पर 2 लाख का खर्च, पत्नी ने किया मना

सुनीता ने खुलासा किया कि गोविंदा एक पंडित को घर में पूजा करवाने के लिए बुलाते हैं और उन्हें ₹2 लाख से भी ज्यादा की रकम दे देते हैं। इस खर्च पर अपनी प्रतिक्रिया बताते हुए सुनीता ने कहा, ‘हमारे घर में भी एक हैं, गोविंदा के पंडित। वह भी ऐसे ही हैं। पूजा करवाते हैं और 2 लाख रुपये देते हैं। मैं उनसे कहती हूं कि आप खुद पूजा पाठ किया करो। उनका कराया पूजा पाठ कुछ काम नहीं आने वाला। भगवान आपकी खुद की हुई पूजा को ही सुनेंगे। मैं इन सबमें भरोसा नहीं करती।’

वजन कम करने की दी सलाह

गोविंदा के करियर और स्वास्थ्य पर बात करते हुए सुनीता ने उन्हें कड़े शब्दों में सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि उनके पति को अब अपने ऊपर ध्यान देना चाहिए। ‘अब चीची (गोविंदा का निक नेम) को अपना वजन कम करना होगा और अच्छा दिखना होगा। उसकी स्किन भी खराब हो गई है। उसे अपना ध्यान रखना चाहिए। यही मेरी ख्वाहिश है।’

‘वो बेवकूफ राइटरों की मंडली में बैठते हैं’

सुनीता ने गोविंदा को अच्छी टीम न मिलने की बात पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने एक्टर के दोस्तों और सलाहकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘वह जिस मंडली में बैठते हैं, सब बेवकूफ राइटर हैं। वो राइटर कम, बेवकूफ ज्यादा होते हैं। चीची को बेवकूफ बनाते हैं।’

‘अपने पैसों से बनाऊंगी आश्रम’

सुनीता ने यह भी कहा कि उनकी दिली इच्छा है कि वह बुजुर्गों के लिए वृद्धाश्रम और जानवरों के लिए आश्रय बनाएं, और वह इसके लिए गोविंदा से एक भी पैसा नहीं लेंगी। उन्होंने साफ किया कि गोविंदा उन्हें नहीं, बल्कि अपने ‘चमचों’ को पैसे देते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि गोविंदा के घर में इतने मंदिर हैं कि उन्हें अब 5BHK घर की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *